चायल के दुल्हापुर गांव में वोटिंग का बहिष्कार करते ग्रामीण।
गड्ढों में तब्दील सड़क की वजह से दुल्हापुर के ग्रामीणों ने मतदान करने से इनकार कर दिया है। एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि करीब दस साल से सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी। एसडीएम ने ग्रामीणों की शिकायत चुनाव बाद दूर कराने का आश्वासन दिया है।
विकास खंड नेवादा के दुल्हापुर गांव के लिए तिल्हापुर मोड़ से करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क जाती है। इस सड़क से इलाके के पिपरहाई, सेवढ़ा, नसीरपुर, मकदूमपुर, तियरा, शेरपुर, मकनपुर आदि गांवों के लोगों का भी आना-जाना होता है। दुल्हापुर गांव के लालबाबू सिंह, धनंजय सिंह, रामप्रताप सिंह, रामानुज सिंह, दिर्गज सिंह आदि एसडीएम चायल अश्वनी कुमार श्रीवास्तव से मिले। आरोप लगाया कि पिछले चुनाव के दौरान ग्रामीणों ने मतदान से इनकार किया था तो अफसरों ने मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी मरम्मत नहीं हो सकी। अब चुनाव आया तो जनप्रतिनिधि वोट मांगने के लिए पहुंचने लगे हैं। एसडीएम ने ग्रामीणों को मतदान करने की सलाह दी। साथ ही चुनाव बाद मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।