कौशाम्बी कोतवाली के कोसम इनाम गांव में शनिवार रात चुनावी रंजिश में प्रधान समर्थकों ने एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीट दिया। बेहोशी की हालत में युवक को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोसम इनाम गांव में फूला यादव पत्नी शिवपूजन के लगातार दूसरी बार ग्राम प्रधान निर्वाचित होने से प्रधान व उनके समर्थकों में भारी उत्साह है। बताया जा रहा है कि उत्साहित समर्थक चुनाव परिणाम आने के बाद से रोजाना गांव में कुछ न कुछ हंगामा करते रहते हैं। शनिवार रात भी प्रधान के समर्थकों ने कुछ ऐसी ही हरकत की।
गांव की ननकी देवी पत्नी सुदामा ने बताया कि रात लगभग नौ बजे उसका बेटा महेश अपने घर जा रहा था कि रास्ते में घात लगाकर बैठे गांव के ही शंकर लाल व चंदी लाल ने जबरन उसे रोक लिया। इन लोगों ने प्रधान फूला देवी को वोट नहीं देने की बात कहते हुए उससे गाली गलौच की। महेश के विरोध करने पर प्रधान समर्थक उसे अपने घर उठा ले गए और अंदर बंधक बनाकर जमकर पीटा।
इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। चीखपुकार सुन जुटे लोगों ने दखल देकर मामला शांत कराया। परिजनों ने महेश को बेहोशी की हालत में विजिया चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।