रामवनगमन मार्ग पर ओसा चौराहा से राजापुर तक करीब 15 किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण कार्य अभी अधूरा है, लेकिन एक जुलाई से इस पर आवागमन शुरू करा दिया गया। अब एनएचएआई ने इसी अधूरे मार्ग पर टोल टैक्स वसूली शुरू करने के लिए मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
हाईवे पर कई स्थानों पर निर्माण कार्य अभी भी जारी है। कहीं एक लेन तो कहीं दोनों लेन से आवागमन कराया जा रहा है। कई स्थानों पर गलत कट, पर्याप्त संकेतकों और सुरक्षा इंतजामों का अभाव बना हुआ है। रात में रोशनी की कमी के कारण वाहन चालकों को अधिक परेशानी होती है। सड़क पार करने और एक लेन से दूसरी लेन में जाने के दौरान हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।
बीते एक महीने में महेवाघाट क्षेत्र में हाईवे पर हुए अलग-अलग सड़क हादसों में आठ लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद टोल वसूली की तैयारी शुरू होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
सूर्य प्रकाश सेन, अंशुमान सिंह और नारायण समेत कई लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा कर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता, तब तक टोल टैक्स लागू नहीं किया जाना चाहिए।
टोल प्लाजा चालू करने का प्रस्ताव इसी सप्ताह मंत्रालय को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद एजेंसी जल्द ही टोल वसूली शुरू करेगी। जो भी हाईवे पर अधूरे कार्य बचे हैं। उसे जल्द ही पूरा करा दिया जाएगा।
- आरपी सिंह, अधिशासी अभियंता, एनएच डिवीजन प्रयागराज