जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर हैं। यह अभियान एक से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अनुपमा मिश्रा के अनुसार, अभियान के तहत मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और दिमागी बुखार जैसे रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, जलभराव न होने देने और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। साथ ही आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से बुखार के मरीजों की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित कराया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे आसपास साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं।
-
संचारी रोगों से ऐसे करें बचाव :
- घर और आसपास पानी जमा न होने दें।
- कूलर, टंकी व गमलों का पानी नियमित बदलें।
- साफ-सफाई रखें, कूड़ा इधर-उधर न फेंकें।
- बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें।
- पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का उपयोग करें।
- बुखार, सिरदर्द या उल्टी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं।
-
:: संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक से 30 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभाग भी कार्य करेंगे। हमारा प्रयास है कि बीमारी की समय पर पहचान और इलाज से संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा। लोगों से अपील है कि साफ-सफाई रखें और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं।
- डॉ. संजय कुमार, सीएमओ