कस्बे में रंजिश को लेकर सोमवार सुबह तलवार और कुल्हाड़ी से हमलाकर पीआरडी जवान को जख्मी कर दिया गया। नामजद तहरीर के बाद भी कोतवाली पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर पीड़ित ने सीओ से मामले की शिकायत की है।
गिरिया खालसा गांव निवासी किशन पीआरडी जवान हैं। किशन के मुताबिक चायल का एक विहिप नेता उस पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाकर रंजिश रखता है। सोमवार सुबह वह पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल भरवाने जा रहे थे। रास्ते में ब्लाॅक के समीप पहले से घात लगाकर बैठे विहिप नेता ने अपने बेटों संग मिलकर तलवार और कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। हमले में वह लहूलुहान हो गया और उसका एक कान कट गया।
चीख-पुकार सुनकर लोग जुटे उसकी जान बच सकी। घायल जवान ने पुलिस चौकी में जाकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे थाने भेज दिया। थाना पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर पीड़ित ने सीओ चायल को शिकायती पत्र दिया। सीओ सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि इंस्पेक्टर पिपरी को जख्मी जवान का मेडिकल कराते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
-
बाइक की टक्कर से महिला जख्मी
चायल। पूरामुफ्ती कोतवाली के मंदर गांव निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी सुखरानी देवी रविवार शाम मवेशियों का चारा लेने खेत गई थी। लौटते समय पावन मोड़ तिराहे पर जीटी रोड की तरफ से आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में घायल महिला को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। संवाद