मंझनपुर । कोटेदार की मनमानी से खफा बिदांव गांव के लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। चेताया कि कार्रवाई नहीं होने पर बेमियादी आंदोलन किया जाएगा।
कौशाम्बी ब्लॉक के बिदांव गांव निवासी अमरनाथ, सुनील कुमार, राजेन्द्र प्रसाद, अनिल, शिवकुमार, मुनाईलाल, छेद्दू आदि ने बताया कि कोटेदार ने मनमानी की हद कर दी है। वह खाद्यान व तेल कम देता है। इसका विरोध करो तो अपशब्द कहता है। कई ग्रामीणों के साथ वह बदसलूकी कर भी चुका है। गांव वालों की मानें तो इसकी शिकायत 17 अप्रैल को डीएम से की गई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जांच की। बाद में मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इस वजह से कोटेदार का हौसला बढ़ गया है। अब वह शिकायत करने वालों को राशन कार्ड निरस्त कराने की धमकी देता है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने डीएसओ को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।