मंझनपुर। अघोषित बिजली कटौती से खफा सरायअकिल कस्बे के लोगों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। नाराज कस्बाइयों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को शिकायती पत्र देकर लोगों ने रोस्टर का निर्धारण कराकर बिजली आपूर्ति दिलाने की मांग की। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने का भरोसा दिलाया है।
सरायअकिल कस्बे की बिजली आपूर्ति व्यवस्था महीनों से बेपटरी है। बाजार के राजू केसरवानी, संदीप केसरवानी, राजेश कुमार, सुनील सोनी, मोतीलाल स्वर्णकार, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, सोहनलाल, नितिन ताम्रकार, विकास आदि का कहना है कि 24 घंटे में सिर्फ तीन-चार घंटे ही बिजली आपूर्ति की जा रही है। इस दौरान भी बिजली आने और गुल होने का कोई समय नहीं है। रात में तो महीनेभर से बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। इस संदर्भ में जब भी उपकेंद्र जाकर एसडीएम, अवर अभियंता से पूछा जाता है, वे ओवरलोड बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं। वहीं दिन में भी आपूर्ति के दौरान इतनी बार ट्रिपिंग होती है कि लाइट के रहने का कोई मतलब ही नहीं निकलता। लोगों की मानें तो कभी-कभार इतना कम वोल्टेज रहता है, जिससे पंखा भी चलना मुश्किल होता है। वहीं कभी इतनी हाईवोल्टेज सप्लाई होती है, जिससे घरों की वायरिंग, पंखे आदि उपकरण फुंक जाते हैं।
आरोप है कि कई बार इसकी शिकायत एक्सईएन से की गई, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। बिजली विभाग के अफसरों की इसी मनमानी से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आकर हुंकार भरी। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की। कस्बाईयों ने चेतावनी दी कि रोस्टर का निर्धारण करके यदि बाजार में बिजली आपूर्ति देना सुनिश्चित नहीं किया गया, तो वे बेमियादी धरना-प्रदर्शन को मजबूर होंगे। लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट में एक्सईएन को आपूर्ति व्यवस्था में सुधार कराने के लिए लिखापढ़ी की।