राजधानी लखनऊ के प्राथमिक विद्यालय खुर्रम नगर में 22 से 24 जुलाई तक आयोजित सप्तम राज्य स्तरीय कहानी सुनाओ प्रतियोगिता में जिले की शिक्षिका पूनम सिंह का चयन हुआ है। यह आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ की ओर से किया गया था। प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से चयनित शिक्षकों ने मेरी माटी, मेरा देश विषय पर अपनी कहानियों का प्रस्तुतिकरण किया। प्रतिभागियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल ने भाषा शैली, समय सीमा, प्रस्तुति और सहायक सामग्री के आधार पर किया। कौशाम्बी ब्लॉक की कंपोजिट विद्यालय म्योहर की शिक्षिका बबिता साहू और पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय चिल्लाशाहबाजी की शिक्षिका पूनम सिंह ने जनपद स्तर से प्रतिभाग किया था। मूल्यांकन में पूनम सिंह का चयन राज्य स्तर पर हुआ।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निदेशक गणेश प्रसाद ने चयनित शिक्षकों की सूची जारी की है। पूनम सिंह को पुरस्कार वितरण की सूचना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और डायट प्राचार्य के माध्यम से दी जाएगी।