मंझनपुर/सिराथू। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नामांकन के बाद प्रधान प्रत्याशियों की मौत के कारण पांच गांवों में संबंधित पद के चुनाव रद्द कर दिए गए थे। इन गांवों में अब रविवार को सुबह सात बजे से वोट डाले जाएंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को ब्लॉक मुख्यालयों से रवाना की गईं पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गई हैं।
सिराथू ब्लॉक के शमशाबाद, रूपनारायणपुर गोरियों, कड़ा के थुलगुला, सदर ब्लॉक के बहादुरपुर और चायल के जलालपुर शाना गांव के प्रधान प्रत्याशियों की मतदान से ठीक पहले मौत हो गई थी। सभी प्रत्याशी बीमार थे। बहादुरपुर की अफरोजा बेगम की जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जबकि बाकी प्रत्याशियों की निजी अस्पतालों में मौत हुई थी। चुनाव से ठीक पहले प्रत्याशियों की मौत के कारण निर्वाचन आयोग के आदेश पर जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार सिंह ने संबंधित ग्राम पंचायतों में प्रधान पद का मतदान निरस्त कर दिया था। इन गांवों में अब रविवार को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए शनिवार को संबंधित ब्लॉकों से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं, जो देर शाम तक बूथों पर पहुंच गईं थीं।
शमशाबाद में प्रधान पद के चार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला लगभग 3500 मतदाता करेगें। वहीं, रूपनारायणपुर गोरियों में 16 प्रत्याशी चुनावी समर में हैं। यहां 2687 मतदाता वोट डालेगें। जबकि थुलगुला में 3973 मतदाता सात बूथों पर मतदान करेंगे। यहां प्रधान पद के 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। रिटर्निंग अफसर रत्नेश कुमार गौड़ ने बताया कि चुनाव के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। एएसपी समर बहादुर ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जाएगा। निष्पक्ष मतदान कराने के लिए बूथों पर दूसरे-दूसरे थानों की फोर्स लगाई गई है। एसडीएम व सीओ की देखरेख में मतदान कराया जाएगा।