पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत रविवार को सीएमओ ने पीएचसी मंझनपुर से किया। उन्होंने एक बच्ची को दो बूंद जिंदगी की पिलाकर अभियान को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद जिलेभर में बनाए गए बूथों पर नौनिहालों ने दो बूंद जिंदगी की पिया। पहले दिन अभियान से छूटे बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाने का काम सोमवार की सुबह से होगा।
मई माह के पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत रविवार को पीएचसी मंझनपुर से हुई। सीएमओ डॉ. यूबी सिंह ने नगर अध्यक्ष मंझनपुर प्रतिनिधि शबीह हैदर मीनू के साथ एक बच्ची को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद जिले भर में बनाए गए बूथों पर लगाई गई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आने वाले बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।
दिनभर सीएमओ समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम बूथों का निरीक्षण करती रहीं। सीएमओ ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान सप्ताह भर चलेगा। सोमवार से छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाने का काम किया जाएगा। अभियान की शुरुआत करते समय पीएचसी मंझनपुर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण पटेल, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सादिया अंसारी, वकार अहमद, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।