Policemen tied a young man to a tree and beat him
- फोटो : KAUSHAMBI
पुलिसकर्मियों ने युवक को पेड़ से बांधकर पीटा
करारी कोतवाली की अर्का चौकी पुलिस का कारनामा, मांगी 10 हजार की रिश्वत
हालत बिगड़ने पर युवक को मुख्यालय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। करारी कोतवाली की अर्का चौकी पुलिस ने मानवाधिकारों की धज्जियां उड़ाकर रख दीं। घरेलू विवाद में एक युवक को पेड़ से बांधकर पीटा। छोड़ने के लिए उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। हालत बिगड़ने पर पीड़ित को मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
करारी के इब्राहिमपुर निवासी सुनील कुमार पुत्र जयकरन ने बताया कि भाई से गुड़िया के त्योहार वाले दिन बंटवारे को लेकर उसका झगड़ा हुआ था। इसपर भाभी ने पुलिस को तहरीर दे दी थी। पीड़ित की मानें तो आठ अगस्त को अर्का चौकी पुलिस ने उसे बुलाया। वहां सिपाहियों ने गाली-गलौज करते हुए पेड़ से बांध दिया। इसके बाद डंडे से पिटाई की। पुलिस की बर्बरता झेल रहा युवक रहम की भीख मांगता रहा। उसकी किसी ने एक नहीं सुनी। बर्बरता की हद पार करने वाली पुलिस ने पीड़ित से कार्रवाई न करने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत भी मांगी थी। बाद में पिटाई से हालत बिगड़ी और गर्दन फंसती दिखी तो उसे मुख्यालय के ऐसे निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां आमतौर पर मरीजों का कम ही आना-जाना होता है। रविवार को मामला मीडिया तक पहुंचा तो अधिकारी हरकत में आए। मामले में सीओ सिटी सच्चिदानंद पाठक का कहना है कि आरोपों की जांच कराकर आरोपी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।