क्षेत्र के लौगावां गांव में अवैध तमंचा बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। भीड़ ने पुलिस से हाथापाई करते हुए पकड़े गए आरोपी को हिरासत से छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिस की बोलेरो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत कई लोग फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार चौकी प्रभारी हिनौता रामपाल अपने साथियों के साथ होली पर्व को देखते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लौगावां गांव का कोटेदार अमरनाथ मिश्रा अवैध तमंचा और कारतूस लेकर गांव में लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची और लोकनाथ त्रिपाठी के घर के सामने खड़े अमरनाथ मिश्रा को पकड़कर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू ही कर रही थी कि तभी गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस से गालीगलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी और ईंट-पत्थर चलाने लगे।
इसी दौरान प्रधान के सगे भाई चंद्र भुवन त्रिपाठी के उकसावे पर भीड़ ने आरोपी को पुलिस वाहन से खींचकर छुड़ा लिया और मौके से भगा दिया। हंगामे के दौरान पुलिस की बोलेरो की पीछे की दोनों लाइट टूट गई।
सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने अशोक कुमार मिश्रा, दीपू सिंह, प्रिंस मिश्रा और बाबूलाल को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी अमरनाथ मिश्रा समेत अन्य की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।