मंझनपुर। प्रशासनिक सख्ती के बावजूद बालू कारोबारी खुराफात से नहीं बाज आ रहे हैं। खनन अधिकारी के औचक निरीक्षण में सदर तहसील के दिया घाट पर ऐसा ही कुछ देखने को मिला। यहां आवंटित खंड से बाहर भारी मात्रा में अवैध बालू खनन पकड़ा गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने पट्टाधारक पर 31.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। प्रशासनिक कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
चायल तहसील के महमूदपुर मनौरी निवासी पंकज कुमार ने मंझनपुर तहसील के दिया में जय बजरंग ट्रेडर्स के नाम से यमुना बालू खनन का पट्टा ले रखा है। विभाग की ओर से फर्म को खंड संख्या 11/5 व 11/6 में बालू खनन की अनुमति मिली है। पर, डीएम मनीष कुमार वर्मा को शिकायत मिली कि पट्टाधारक द्वारा अपने क्षेत्र के साथ ही आसपास के दूसरे खंडों में अवैध रूप से बालू का खनन व परिवहन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने प्रकरण की जांच एसडीएम सदर राजेश चंद्र व खनन अधिकारी आरपी सिंह को सौंपी। 17 दिसंबर को दोनों अफसरों ने संयुक्त रूप से घाट पर छापा मारा। इस दौरान पट्टाधारक को आवंटित क्षेत्र से बाहर दो अलग-अलग खंड़ों मेें अवैध खनन कराते हुए पकड़ लिया। करीब तीन हजार घन मीटर अवैध बालू का खनन व परिवहन किया जा चुका था। रिपोर्ट डीएम को सौंपी गई। इसके बाद डीएम ने आरोपी पट्टाधारक पर 31 लाख 35 हजार, 920 रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
बगैर रवन्ने के पकड़ी गई चार ट्रक गिट्टी, सीज
मंझनपुर। खनन अधिकारी आरपी सिंह ने गुरुवार की सुबह तीन ट्रक गिट्टी पकड़ी। रवन्ना नहीं होने पर खनन अधिकारी ने तीनों ट्रकों को सीज कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसी तरह से एआरटीओ शंकर जी सिंह ने भी गिट्टी रदा एक ट्रक बगैर रवन्ने के तथा एक टैक्टर बालू से ओवरलोड पकड़ा। दोनों खनिज वाहनों को सीज कर पुलिस के सिपुर्द कर दिया।