Police do not take action, there is a matter of mutual
- फोटो : KAUSHAMBI
पुलिस कार्रवाई न करे, आपस का मामला है
- एसपी से मिला कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधि मंडल
मंझनपुर। समीक्षा बैठक के दौरान राष्ट्रीय सचिव के सामने आपस में भिड़ने वाले कांग्रेसी अब ठंडे पड़ गए हैं। बुधवार को पार्टी नेताओं का एक प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक से मिला। सभी ने कहा कि पुलिस कार्रवाई न करे, आपस का मामला है, समझौता कर लिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव में कौशाम्बी संसदीय सीट पर कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। हार के कारणों को जानने के लिए शुक्रवार शाम ओसा स्थित अतिथि गृह में समीक्षा बैठक बुलाई गई थी। इसमें पार्टी नेतृत्व की तरफ से राष्ट्रीय सचिव बाजीराव खाड़े को भेजा गया था। उनके सामने ही पार्टी के लोग आपस में भिड़ गए थे। एक-दूसरे की पिटाई के साथ गाडिय़ों के शीशे फोड़े गए थे और असलहे भी लहराए गए थे। मामले में एक पक्ष से गौरव पांडेय की तहरीर पर चार तो दूसरी तरफ से रवि प्रकाश रावेन्द्र की तहरीर पर जिलाध्यक्ष तलत अजीम समेत आठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। हाईप्रोफाइल ड्रामा होने के बाद कांग्रेसियों को अब मर्यादा का ध्यान आया है। बुधवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने एसपी से मुलाकात की। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमेश अग्रहरि, पूर्व मंत्री मतेश सोनकर, सत्येन्द्र प्रताप सिंह, कुलदीप शुक्ला, कौशलेन्द्र द्विवेदी, रमाशंका त्रिपाठी, मो. शाहिद सिद्दीकी, महेन्द्र गौतम आदि शामिल थे। इन सभी ने एसपी से कहा है कि उनकी पार्टी का मामला है। आपस में सुलह कर लेंगे। तब तक पुलिस किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं करे।