लूट केे चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मंझनपुर (संवाद)। कोखराज कोतवाली पुलिस ने शनिवार सुबह लूट के एक मामले में फरार चले रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि भरवारी कस्बा निवासी दीपक केसरवानी व असद साझे में प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे। 24 मार्च 2020 को असद जमीन दिखाने के बहाने अपने चार साथियों के साथ दीपक को मूरतगंज मेला बाग ले गया। वहां वह और साथियों ने पीटकर दीपक से दो हजार नकद व सोने की चेन लूट ली। मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने असद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी बीच शनिवार सुबह पुलिस को पता चला कि फरार चारों आरोपी मूरतगंज बस अड्डे के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाल ने घेराबंदी कर आरोपी अली शान पुत्र कल्लू निवासी गंसरी, सलमान पुत्र असरउद्दीन निवासी भरवारी, सलमान उर्फ गोलू पुत्र मो. हसन निवासी भरवारी व सद्दाम पुत्र हसन निवासी भरवारी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूट का माल, एक तमंचा व करीब ढाई किलो गांजा बरामद किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।