भरवारी कस्बे में शुक्रवार मकान में काम करते समय दूसरी मंजिल से गिरकर प्लंबर की मौत हो गई। मृतक के पिता ने मकान मालिक पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संदीपनघाट थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी मुन्नी लाल का बेटा संतोष कुमार (32) प्लंबर का काम करता था। पिता के अनुसार वह घर से करीब 12 बजे काम के लिए निकला था। वह शहीद गुलाम सेन नगर वार्ड नंबर 24 निवासी सुरेंद्र कुमार केसरवानी के मकान में दूसरी मंजिल स्थित बाथरूम की छत पर पानी की टंकी में पाइप फिटिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता की तहरीर पर मकान मालिक सुरेंद्र कुमार केसरवानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। संतोष की शादी चार साल पहले पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फतेहपुर घाट में हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे के बाद परिवार में मातम है।
सीओ सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।