मौसम में बदलाव का असर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में भी दिखा। मेले में आए आधे से ज्यादा मरीज बुखार पीड़ित मिले। गंभीर रोग से पीड़ित 20 मरीजों को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
रविवार को जिले के 29 स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में भी ज्यादातर मरीज बुखार पीड़ित ही आए।डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद सभी को मुफ्त दवाएं दी। डिप्टी सीएमओ डॉ. एचपी मणि ने बताया कि मेले में 1220 मरीजों का दवा इलाज किया गया है। इनमें से ज्यादातर मरीज बुखार पीड़ित रहे।
वहीं, गंभीर रूप से पीड़ित 20 मरीजों को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। उधर, मेले की सफलता के लिए सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेलरहा पश्चिम, अझुवा, अलीपुर जीता का निरीक्षण किया। मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली।