सरायअकिल कोतवाली के कुंडारी गांव के समीप मंगलवार दोपहर सगाई कार्यक्रम वाले घर की दीवार से पिकअप टकराकर पलट गया। हादसे में पिकअप सवार दूल्हे के फूफा की मौत हो गई। जबकि गाड़ी पर सवार व घर के बाहर बैठे आठ लोग जख्मी हो गए। उन्हें तिल्हापुर मोड़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एयरपोर्ट इलाके के चिरला मुंजप्ता निवासी फूलचंद्र ने बताया कि बेटा संदीप की बारात सोमवार की शाम मंझनपुर के ओसा गांव गई थी। मंगलवार की दोपहर दहेज में मिले सामान को पिकअप में लादकर चिरला मुंजप्ता ले जाया जा रहा था। इस बीच कुंडारी गांव के समीप निर्माणाधीन फोरलेन सड़क में गड्ढा होने के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर अभिषेक के घर की दीवार से टकराकर पलट गया।
हादसे के बाद जख्मी लोगों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। पिकअप में सवार दूल्हे के 50 वर्षीय फूफा श्रीनाथ निवासी कटैनी सरायअकिल की मौके पर मौत हो चुकी थी। जबकि दूल्हे का भाई राममिलन, चाचा सुनील, फूफा इंद्रसेन व विश्राम जख्मी हुए।
वहीं क्षतिग्रस्त हुए घर के बाहर बैठे अभिषेक की बहन की सगाई में मौजूद मां निर्मला देवी, मौसी श्रीमती, सुनीता देवी, भाई सोनू जख्मी हुए। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
-
सगाई वाले घर में मची भगदड़
हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के गड्ढे में तेज रफ्तार पिकअप कई बार पलटते हुए सीधे अभिषेक के घर की दीवार से जा टकराया। उसके घर में बहन की सगाई होने के कारण बाहर रिश्तेदार व परिवार के तमाम लोग बैठे थे। वह भागकर अपनी जान बचाने लगे, लेकिन तब तक अभिषेक की मां, मौसी व भाई सहित दो रिश्तेदार भी चपेट में आकर जख्मी हुए।
-
इंंजन सहित अगला हिस्सा हो गया अलग
ग्रामीणों ने बताया कि पिकअप की रफ्तार इतना तेज था कि वह गड्ढे में कब तिरछा होकर पलटा, लोग समझ नहीं पाए। जैसे ही घर की दीवार से गाड़ी टकराई, उसका अगला हिस्सा इंजन व पहिया सहित टूटकर अलग हो गया।