श्री दिलीप सिंह इंटर कॉलेज बाकरगंज गोराजू के प्रवक्ता राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इंटर के छात्रों को भौतिक विज्ञान की तैयारी में सूत्रों का सही प्रयोग करना चाहिए। यह विषय रटने वाला नहीं बल्कि विषय वस्तु के सही प्रस्तुतिकरण वाला है। इसी से बच्चों के अच्छे अंक आएंगे। छात्रों को परीक्षा के समय घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रवक्ता राकेश कुमार सिंह के अनुसार सबसे पहले छात्रों को पाठ्यक्रम की गहराई से जानकारी होनी चाहिए। बीते वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करने से यह स्पष्ट हो जाता है कि किस अध्याय से किस प्रकार के प्रश्न पूछे जाते हैं।
संख्यात्मक प्रश्नों में सूत्र याद करने के साथ यह भी समझना जरूरी है कि सूत्र का प्रयोग क्यों और कैसे किया जा रहा है। केवल उत्तर लिखना नहीं, बल्कि सही विधि और क्रमबद्ध समाधान प्रस्तुत करना भी अंक दिलाता है।
-
किस टॉपिक से कितने अंक के प्रश्न
प्रवक्ता ने बताया कि भौतिक विज्ञान का पेपर 70 अंक का लिखित व 30 अंक का मौखिक होता है। इसमें वैद्युतिकी से आठ अंक, धारा विद्युत से सात अंक, चुम्बक से आठ अंक, प्रकाशिकी से 13 अंक, मॉडर्न भौतिकी, द्रव्य व विकिरण से आठ अंक, परमाणु व नाभिक से आठ अंक, विद्यु चुम्बक तरंग से चार अंक, इलेक्ट्रॉनिक से आठ अंक के सवाल आते हैं।
-
ऐसे दें जवाब
प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर लिखते समय भाषा सरल, साफ और बिंदुवार होनी चाहिए। आरेख (डायग्राम) जहां आवश्यक हों, वहां अवश्य बनाएं। इससे सही और स्पष्ट आरेख अतिरिक्त अंक दिलाने में सहायक होते हैं। परीक्षा के दौरान तनाव से बचें और प्रश्नों को ध्यान से पढ़कर समझ के साथ उत्तर लिखें। सही रणनीति और नियमित अभ्यास से भौतिक विज्ञान में पूरे अंक हासिल किए जा सकते हैं।