मंझनपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के अफसरों ने जिले के पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक की। अफसरों ने कहा दो पहिया पर तीन सवारी, बिना हेलमेट और चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट न लगाकर चलने वालों को तेल नहीं दिया जाए। पंप मालिकों ने प्रशासन के फैसले का स्वागत किया।
इन दिनों जिले में सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। कोखराज के ककोढ़ा में खोजवापुर के राजकरन का पूरा कुनबा हादसे की भेंट चढ़ चुका है। परिवार के पांच सदस्य एक बाइक में बैठे और गाड़ी चला रहे राजकरन ने हेलमेट नहीं लगाया था। नारा गांव के समीप हुए हादसे में चालक की जान इसलिए बची कि वह हेलमेट पहने था, जबकि गाड़ी में बैठे लोग मौत का शिकार हो गए। आए दिन हो रहे हादसों को लेकर जिला प्रशासन ने पंप डीलरों की मदद से एक नया फैसला लिया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि जो भी बाइक सवार तीन या उससे ज्यादा सवारी बैठाकर तेल भराने आता है उसे पेट्रोल बिल्कुल नहीं दिया जाए। बिना हेलमेट लगाए दो पहिया वाहन सवारों को भी तेल न दिया जाए। इसके अलावा कार सवार बिना सीट बेल्ट के अगर तेल भराने आता है तो उसे भी तेल नहीं दिया जाए। सभी के सहयोग से मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि यातायात नियमों के पालन कराने की जिम्मेदारी सभी की है। पुलिस और परिवहन विभाग तो काम कर रहा है लेकिन पंप मालिक थोड़ा भी इस कार्य में दिलचस्पी दिखाएंगे तो हादसों में काफी कमी लाई जा सकती है। इस मौके पर एआरटीओ शंकर जी सिंह, यातायात प्रभारी संत लाल सरोज, उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री रमेश अग्रहरि, पंप मालिक वीरेंद्र शुक्ला, सुनील चौरसिया, मंजर अब्बास, अजय, अनुराग शुक्ला सहित जिले के 50 पंप डीलर मौजूद रहे।