तहसील के कसेंदा गांव स्थित राजा राम फिलिंग स्टेशन पर सोमवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप बिना किसी पूर्व सूचना के बंद मिला, जिस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए पंप को सील कर दिया और सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी माला कुमारी ने बताया कि जिलापूर्ति अधिकारी मंगेश मार्या के निर्देश पर की गई जांच में पंप मालकिन कुसुम लता, प्रबंधक हरिओम सिंह और अन्य कर्मचारी मौके पर उपस्थित नहीं मिले। पंप बंद होने के कारण भूमिगत टैंकों में उपलब्ध पेट्रोल और डीजल के स्टॉक का भौतिक सत्यापन नहीं हो सका।
साथ ही स्टॉक व बिक्री रजिस्टर समेत अन्य आवश्यक अभिलेखों का भी अवलोकन नहीं किया जा सका। कार्रवाई के दौरान टीम ने नायब तहसीलदार संजय सिंह की मौजूदगी में पंप पर लगी दो डिस्पेंसिंग यूनिट और आठ नोजल को सील कर दिया। साथ ही पंप पर नोटिस चस्पा कर सात दिवस के भीतर जिला पूर्ति कार्यालय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।