मंझनपुर। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोत्तरी के खिलाफ शनिवार को युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुस्से का इजहार किया। मंझनपुर में नारेबाजी हुए सड़क पर उतरे युकां कार्यकर्ताओं ने तहसील मोड़ पर प्रधानमंत्री मोदी का पुतला भी जलाया। कीमत वापस नहीं लिए जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
बता दें कि तेल कंपनियों में एक बार फिर डीजल, पेट्रोल की कीमतों में इजाफा कर दिया है। 15 दिनों में दूसरी बार पेट्रेल में 3.30 और डीजल में 2.83 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बढ़ाने को लेकर कांग्रेसी कार्यकताओं ने गुस्से का इजहार किया है। शनिवार को मंझनपुर में सड़क पर उतरे युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे आमजन, किसानों के साथ मजाक करार देते हुए प्रधानमंत्री मोदी का पुतला जलाया। युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अंशुल केसरवानी ने कहाकि मौसम की मार से पूरे देश के अन्नदाता कराह रहे हैं। बेमौसम की बारिश से किसान एक-एक दाने को मोहताज हैं।
ऐसे में भरपूर मुआवजा देकर किसानों को जीने का हौसला देने के बजाय केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल की कीमतें बढ़ाती जा रही है। कहाकि पेट्रोलियम पदार्थों में की गई इस बढ़ोत्तरी से मंहगाई बढ़ेगी। इससे आमजन का जीना मुश्किल हो जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहाकि देश की जनता के साथ सरकार की यह मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर सुमित कुमार, पिंकेश गुप्ता, तिलक यादव, सुमित यादव, प्रतीक केसरवानी, मयंक कुमार, अंकुर, अर्जुन कुमार, रवि कुमार, राहुल कुमार, मोअज्जम अली आदि मौजूद रहे।