मंझनपुर। कोरोना काल में महंगाई की मार झेल रहे जनपदवासियों को एक और झटका लगा है। जिले में एक्सट्रा प्रीमियम पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर गया है, जबकि सामान्य पेट्रोल 97.46 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। महज साल भर में पेट्रोल एवं डीजल के रेट में क्रमश: 16.91 एवं 17.13 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। इन दिनों तो हर दूसरे दिन दाम में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं।
जिले में चार जुलाई को ही एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल का दाम शतक पार कर 100.06 रुपये प्रति लीटर हो गया था। जबकि सादा पेट्रोल 96.78 रुपये और डीजल 89.88 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया था। खास बात यह है कि पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि यहीं नहीं थमी। कीमतें हर दूसरे दिन बढ़ रही हैं। सात जुलाई को भी पेट्रोल 34 पैसे और डीजल 16 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। बुधवार को इंडियन ऑयल के पंप पर एक्सट्रा प्रीमियम पेट्रोल का रेट 100.74 रुपये प्रति लीटर और सामान्य पेट्रोल 97.46 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। जबकि, डीजल 90.04 रुपये प्रति लीटर की दर से बिका। पेट्रोल एवं डीजल के रेट का तुलनात्मक अध्ययन करेंगे तो आंकड़े चौंकाने वाले हैं। पिछले एक वर्ष के दौरान एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल में 16.91 रुपये, सामान्य पेट्रोल में 16.31 और डीजल के मूल्य में 17.13 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। पेट्रोलियम पदार्थों में लगातार हो रही मूल्य वृद्धि से बाजार में महंगाई भी बढ़ रही है।
ऑयल 7 जुलाई 2020 का रेट 7 जुलाई 2021 का रेट
प्रीमियम पेट्रोल 83.65 100.74
पेट्रोल 81.15 97.46
डीजल 72.15 90.04
नोट-उक्त रेट इंडियन आयल के हैं। (प्रति लीटर)