बदबूदार पानी को लेकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे मोहल्ले के लोग
- फोटो : एम्स में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण व तम्बाकू निषेध पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक।
नगर पंचायत के वार्ड नौ गांधी नगर के कुछ मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति की टंकी से आ रहा गंदा और बदबूदार पानी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। बीते करीब छह माह से घरों में दूषित पानी पहुंचने से नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी खतरे की आशंका सता रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
शुक्रवार को वार्ड सभासद शत्रुघ्न कुमार की अगुवाई में संतोष जोशी, रमेश, पप्पू सहित दर्जनों लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। उद्देश्य अधिशासी अधिकारी रश्मि सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर समस्या से अवगत कराना था, लेकिन दोपहर 12 बजे तक अधिशासी अधिकारी कार्यालय नहीं पहुंचीं।
इसके बाद लोगों ने कार्यालय में मौजूद लिपिक साकेत कुमार श्रीवास्तव को गंदे पानी की समस्या से अवगत कराया। सभासद ने बताया कि उनके वार्ड में लंबे समय से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने शीघ्र जांच कर स्वच्छ पानी की आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। वहीं, लिपिक साकेत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस संबंध में अधिशासी अधिकारी के आने पर ही जानकारी दी जाएगी।