अब मनचाही कोटे की दुकान से उठा सकेंगे राशन
एक नवंबर से राशन कार्डों में पोर्टेबिलिटी सुविधा का मिलेगा लाभ
मंझनपुर। पात्र गृहस्थी और अंत्योदय राशन कार्ड धारकों के लिए खुशखबरी है। कार्ड धारक पोर्टेबिलिटी सुविधा का लाभ लेकर जिले की किसी भी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन की उठान कर सकता है। इसे लेकर कार्ड धारकों को काफी सहूलियत मिलेगी।
जिले में पात्र गृहस्थी योजना के दो लाख 68 हजार 120 और अन्त्योदय योजना के 37 हजार 575 कार्ड धारक है। यह कार्ड धारक शहरी क्षेत्र की 35 और ग्रामीण इलाके में संचालित 554 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन का उठान करते हैं। पिछले दिनों ई-पॉश मशीन के जरिए राशन वितरण का निर्देश जारी होने के बाद कोटेदार कार्ड धारकों को खराब नेटवर्क सहित तमाम तरह का बहाना बनाकर राशन नहीं देते थे। मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद नेटवर्क नहीं होने की बात कहकर राशन नहीं दिया जाता था। इसे लेकर आए दिन कोटेदारों के खिलाफ ग्रामीण प्रदर्शन करते रहते थे। प्रदेश के लगभग हर जिले में इस तरह की समस्या सामने आ रही थी। इसे लेकर खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त मनीष चौहान ने कार्ड धारकों के लिए पोर्टबिलिटी सुविधा लागू की है। इसके तरह कार्ड धारक पोर्टबिलिटी के जरिए मनचाही कोटे की दुकान से राशन का उठान कर सकता है। पर, केरोसिन कार्ड धारक को मूल दुकान से ही लेना होगा। जो दुकाने नो-नेटवर्क जोन में आती हैं, उससे जुड़े कार्ड धारकों को पोर्टेबिलिटी सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। वजह यह है कि इन दुकानों में ऑफ लाइन राशन वितरण किया जाता है। महीने की 15 तारीख तक पोर्टेबिलिटी सुविधा से वितरित किए गए राशन की समीक्षा के बाद स्टॉक का समायोजन किया जाएगा।
नवंबर माह से पोर्टबिलिटी सुविधा लागू हो जाएगी। सरकार ने यह व्यवस्था पहले प्रदेश के पांच जनपदों में लागू की थी। सफल क्रियान्वयन होने पर यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू किया गया है। इसके कारण राशन का उठान करने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।
सीमा सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी