भरसवां गांव में बनी इंटर लॉकिंग। संवाद
सरसवां ब्लॉक के भरसवां गांव में एक ही विकास कार्य के नाम पर दो अलग-अलग योजनाओं से 2.40 लाख रुपये भुगतान करने का आरोप है। इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण के नाम पर हुए गोलमाल की शिकायत पर बीडीओ ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
भरसवां गांव में वित्तीय वर्ष 2021-22 में चुनकू मिश्र के घर से गुलाब कोरी के घर तक करीब 12 मीटर लंबी व 2.3 मीटर चौड़ी इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण का प्रस्ताव था।
इस निर्माण के नाम पर पहले 14 वें राज्य वित्त के खाते से 1.20 लाख रुपये का भुगतान निकाला गया। इसके बाद इसी कार्य को मनरेगा योजना के तहत पक्के काम के रूप में स्वीकृत किया गया।
सामग्री खरीद, मिस्त्री व लेबर के नाम पर मनरेगा से भी 1.20 लाख रुपये का फिर से भुगतान कर दिया गया। इसकी भनक लगने पर गांव के आलोक तिवारी ने शनिवार को शिकायत बीडीओ से की।
इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र ओझा का कहना है कि शिकायत मिली है। जांच कराके दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।