अजुहा कस्बे के भोला चौराहे में लगा जाम। संवाद
अजुहा। कस्बे में मुख्य चौराहे के आसपास सर्विस लेन पर पटरी दुकानदारों, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का कब्जा है। अतिक्रमण के चलते यहां रोज जाम लगता है। जाम के कारण बाजार आने वाले राहगीर परेशान होते हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसे अजुहा नगर पंचायत की सीमा पर एनएचएआई ने सर्विस लेन का निर्माण कराया है। लेकिन, सर्विस लेन पर पटरी दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है। बची जगह पर ऑटो और ई-रिक्शा चालक वाहनों को खड़ा कर सवारियां बैठाते-उतारते हैं। इसके चलते नगर के मुख्य स्थान भोला चौराहे पर दिनभर जाम की समस्या बनी रहती है।
बृहस्पतिवार दोपहर भी जाम लगा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल हो सका। स्थानीय लोगों के मुताबिक आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। दो माह पहले एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल ने एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जाम से मुक्ति के लिए दिशा-निर्देश दिए थे। बावजूद, जिम्मेदारों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई।
भोला चौराहे से शाखा जाने वाले मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर फलों की ठेलिया व स्थानीय दुकानदारों की बदौलत जाम लगता है। इसको लेकर अक्सर झगड़े भी होते रहते हैं।शिवकोटी लाल, इंदिरा नगर
भोला चौराहे से शाखा जाने वाले मार्ग पर जाम लगने से प्रयागराज-कानपुर लेन पर ट्रकों की लाइन लग जाती है। मार्ग पर 100 मीटर की दूरी तक ठेले के अलावा दुकानों के सामने वाहन भी लगा देते हैं।-अमन द्विवेदी, नया नगर
अतिक्रमण के विरुद्ध जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। ताकि मुसाफिरों को परेशानी का सामना न करना पड़े। -रश्मि सिंह, अधिशाषी अधिकारी