पश्चिमशरीरा से कानपुर के लिए चलने वाली रोडवेज बस पिछले छह दिनों से बंद है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना नौकरी, पढ़ाई और इलाज के लिए मंझनपुर व कानपुर जाने वाले यात्री अब डग्गामार वाहनों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
रोडवेज बस प्रतिदिन सुबह छह बजे पश्चिमशरीरा से कानपुर के लिए रवाना होती थी। कानपुर से दोपहर दो बजे लौटकर प्रयागराज होते हुए शाम करीब पांच बजे मंझनपुर पहुंचती थी और शाम सात बजे पश्चिमशरीरा लौटती थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब पांच दिन पहले कुंआडीह के पास बस की टक्कर से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद से ही बस का संचालन ठप है।
:: त्योहार नजदीक है, और कानपुर जाना है, लेकिन रोडवेज बस बंद होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। - नबी अहमद।
:: पांच दिन से सुबह कानपुर जाने वाली बस का संचालन ठप है। अधिकारियों को ध्यान देकर जल्द बस का संचालन चालू कराना चाहिए। - आकाश कौशल।
:: रोडवेज सेवा ठप होने से काफी यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। प्रशासन की तरफ से जल्द समाधान होना चाहिए। - हर्ष पांडेय।
:: दुर्घटना के बाद बस संबंधित थाने में खड़ी कर दी गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही बस को रिलीज कराया जाएगा। बस जैसे ही मुक्त होगी, पश्चिमशरीरा-कानपुर रूट पर संचालन शुरू कर दिया जाएगा। - गंगा शंकर शर्मा, डिपो इंचार्ज
पश्चिमशरीरा चौराहे से ऑटो से मंझनपुर के निकलते यात्री। संवाद
पश्चिमशरीरा चौराहे से ऑटो से मंझनपुर के निकलते यात्री। संवाद
पश्चिमशरीरा चौराहे से ऑटो से मंझनपुर के निकलते यात्री। संवाद