नगर पालिका परिषद ने मुख्यालय की यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से तकरीबन तीन साल पहले ओसा रोड पर पेट्रोल पंप के सामने, सिराथू रोड पर वन विभाग के पास और समदा रोड पर कोतवाली के सामने वाहन पार्किंग का निर्माण कराया गया था। लेकिन, या तो पार्किंग खाली है या फिर उनमें निजी वाहनों का कब्जा है और सड़क पर वाहनों का कब्जा है।
नगर पालिका की तरफ से सितंबर महीने में तीनों पार्किंग स्थलों की नीलामी भी हो चुकी है, लेकिन अब तक इनका संचालन शुरू नहीं हो सका है। नतीजतन, सवारी वाहन आज भी मंझनपुर चौराहे पर ही खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार चौराहे पर ई-रिक्शा, ऑटो और प्राइवेट बसों से वसूली कर रहे हैं।
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई पार्किंग बेअसर साबित हो रही है, जबकि सड़क पर अव्यवस्था और जाम से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासी पंकज, रामबाबू सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि पार्किंग व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू कराया जाए और चौराहों से अवैध वसूली व अनियमित खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
पार्किंग में खड़े हो रहे निजी वाहन
:: नगर पालिका प्रशासन ने निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के लिए बोर्ड भी लगवाए हैं, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। सवारी वाहनों को पार्किंग में भेजने के बजाय अधिकतर निजी वाहन ही वहां खड़े दिखाई देते हैं, जबकि ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सवारी वाहन अब भी चौराहों पर खड़े होकर यात्रियों को बैठाते हैं। इससे सड़क पर जाम की समस्या बनी रहती है।
:: चौराहे पर प्रतिदिन जाम की समस्या बनी रहती है। सवारी वाहन सड़क पर ही खड़े रहते हैं, जिससे निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार जरूरी काम से निकलने पर भी काफी देर तक फंसे रहना पड़ता है। अगर बनी हुई पार्किंग का सही संचालन हो जाए तो जाम से राहत मिल सकती है। - पप्पू, बबुरा
:: जाम के कारण बाजार आने-जाने में काफी परेशानी होती है। सड़क किनारे खड़े वाहनों और वसूली की वजह से हालात और बिगड़ रहे हैं। प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों को रोजाना की परेशानी से निजात मिल सके। - लईक अहमद, समदा
: नगर पालिका का प्रयास है कि पार्किंग की व्यवस्था बेहतर की जाए। इसके लिए पहली बार पार्किंग पर काम हुआ है। आगे और बेहतर करने का प्रयास होगा। - प्रतिभा सिंह, ईओ नगर पालिका
मंझनपुर पर ई-रिक्शा रोककर वसूली करता कर्मचरी। संवाद
मंझनपुर पर ई-रिक्शा रोककर वसूली करता कर्मचरी। संवाद
मंझनपुर पर ई-रिक्शा रोककर वसूली करता कर्मचरी। संवाद
मंझनपुर पर ई-रिक्शा रोककर वसूली करता कर्मचरी। संवाद