दो ब्लॉकों के एक-एक ग्राम सभाओं में प्रधान पद के लिए होने वाले उपचुनाव के प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। दोनों पदों के लिए मैदान में उतरे छह उम्मीदवारों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इसके चलते दोनों गांवों के एक-एक घर कार, कन्नी, इमली, अनाज ओसाता किसान के पोस्टर-बैनर से पट चुके हैं। इसके अलावा मतदाताओं को रिझाने के लिए उम्मीदवार देर रात तक उनके घरों में जाकर अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए सेंध लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
जिले के चायल ब्लॉक की ग्राम सभा गिरिया खालसा और नेवादा के तिलगोड़ी गांव में ग्राम प्रधान की मौत होने के बाद पद रिक्त चल रहा था। पंचायत चुनाव आयोग ने दोनों पदों पर उप चुनाव कराने के निर्देश पिछले दिनों जारी किया। आयोग के निर्देश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी अखंड प्रताप सिंह के निर्देश पर दोनों ग्राम सभाओं में चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई गई। दोनों पदों के लिए कुल नौ उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। इनमें से अब छह लोग मैदान में हैं। गिरिया खालसा में शैलेंद्र कुमार, सर्वजीत कुमार, सुरेश कुमार और रंजीत तो तिलगोड़ी प्रधान पद के लिए इंद्रावती देवी व शमीम खा मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों ने इन दिनों प्रचार में पूरी ताकत झोंक रखी है।
30 को होगा मतदान
रिक्त चल रहे दो प्रधान पदों पर मतदान 30 सितंबर को होगा। दोनों गांवों में सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू कराया जाएगा। इसके बाद शाम पांच बजे तक वोटिंग होगी। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित कर दिया है।