पंचायत चुनाव के चौथे चरण के लिए 29 अक्टूबर को होने वाले मतदान की जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कौशाम्बी और सरसवां ब्लाक क्षेत्रों में जिला पंचायत की 8 और क्षेत्र पंचायत की 193 सीटों के लिए 404 बूथों पर मतदान होना है। जिला निर्वाचन अधिकारी का दावा है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान की व्यवस्था कर ली गई है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए हो रहे चुनाव में 29 अक्टूबर को चौथे चरण का मतदान होगा। कौशाम्बी और सरसवां ब्लाक में होने वाले इस मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी बुधवार को होगी। बता दें कि चौथे चरण में कौशाम्बी ब्लाक क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य की 4 और क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) की 102 सीटों के लिए 62 मतदान केन्द्रों पर 201 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
इसी तरह से सरसवां ब्लाक क्षेत्र में जिपं सदस्य पद की चार और बीडीसी सदस्य की 91 सीटों पर मतदान के लिए 79 मतदान केन्द्रों पर 203 बूथ बने हैं। 1616 कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि चौथे चरण का मतदान कराने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदन और अतिसंवेदनशील बूथों को चिह्नित करके वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान कराने में किसी ने कोई गड़बड़ी की तो संबंधित अफसर और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।