पंचायत चुनाव की मतगणना में गड़बड़ी को लेकर प्रत्याशी और समर्थकों में जबरदस्त गुस्सा है। अफसरों पर मनमानी और शिकायतों को अनसुना करने का आरोप लगाते हुए लोग धरना-प्रदर्शन पर उतर आए हैं। मंगलवार को जिला पंचायत वार्ड संख्या 5 के एक प्रत्याशी और समर्थकों ने मंझनपुर में प्रदर्शन किया। डीएम से शिकायत करके पुनर्मतगणना की मांग की।
चायल तहसील क्षेत्र के सैयद सरावां गांव निवासी चंद्रजीत यादव जिला पंचायत सदस्य पद के लिए वार्ड नंबर 5 से प्रत्याशी थे। उसका आरोप है कि एक नवंबर को हुई मतगणना के दौरान अधिकारियों ने गड़बड़ी कराई है। वार्ड संख्या 5 में वार्ड संख्या 6 के पट्टी परबेजाबाद बूथ के कुछ मतों का मिलाकर गिनकर उसे 49 वोटों से हरा दिया गया। इसकी शिकायत उसने आरओ से करते हुए पुनर्मतगणना की मांग की थी, लेकिन अधिकारी ने सुनवाई नहीं की। पुलिस बुलाकर उसे मतगणनास्थल से निकालकर चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया।
मतगणना अधिकारी की मनमानी से प्रत्याशी के साथ उसके गांववालों में भी गुस्सा है। मंगलवार को गांववालों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को शिकायतीपत्र देकर जांच और दुबारा मतों की गिनती कराने की मांग की।