मतगणनास्थल पर फर्जी एजेंटों के प्रवेश को लेकर चायल में रविवार की सुबह सपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भिड़ गए। इस दौरान दोनों नेताओं और उनके समर्थकों में जमकर हाथापाई हुई। मारपीट में सपा और कांग्रेस अध्यक्ष के साथ उनके एक-एक भाई समेत कई लोग घायल हो गए। कांग्रेस नेता और उनके भाई के तो कपड़े भी फट गए। मारपीट और हंगामा होता देख पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मारपीट की घटना से दिनभर दोनों खेमे में तनातनी का माहौल बना रहा। वहीं घटना से सबक लेते हुए चायल मतगणनास्थल पर पीएसी के और जवानों की तैनाती करके वहां की सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई।
बता दें कि चायल ब्लाक के जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत पदों पर हुए चुनाव की मतगणना तिल्हापुर स्थित कौशाम्बी डिग्री कालेज में हो रही है। चायल क्षेत्र के वार्ड नंबर दो से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए सपा जिलाध्यक्ष अशोक कुमार यादव की पत्नी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष तलत अजीम की बीवी आमने-सामने हैं। रविवार को वोटों की गिनती कराने के लिए दोनों नेता और उनके समर्थक भी मतगणनास्थल पर मौजूद थे। अपराह्न करीब एक बजे फर्जी लोगों को मतगणना एजेंट बनाकर भीतर रखने को लेकर सपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए। इनके बीच तीखी झड़प होती देख दोनों पक्ष के समर्थक भी जुट गए।
देखते ही देखते मामला बिगड़ गया। इनके बीच मारपीट शुरू हो गई। इससे सपा जिलाध्यक्ष अशोक, उनके भाई राजू और दूसरे पक्ष के कांग्रेस जिलाध्यक्ष तलत अजीम उनके भाई कैफी अजीम के अलावा दोनों नेताओं के कई समर्थक भी घायल हो गए। साथ ही कांग्रेसी नेता और उनके भाई के कपड़े भी फट गए। मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्ष के लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मारपीट से मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे एडीएम श्रीकृष्ण सिंह पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। मामले में दोनों नेता एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक किसी भी ओर से कोई तहरीर थाने मेें नहीं दी गई थी।