सरसवां विकासखंड क्षेत्र के डकशरीरा गांव में युवक राजू की मौत को लेकर शनिवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने राजू का शव अजरौली के पास राम वन गमन मार्ग हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया।
सरसवां विकासखंड क्षेत्र के डकशरीरा गांव में युवक राजू की मौत को लेकर शनिवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने राजू का शव अजरौली के पास राम वन गमन मार्ग हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि राजू की मौत के करीब तीन दिन बाद उसका शव मिलने की बात सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि 15 हजार रूपये के लेनदेन के विवाद में राजू की हत्या की गई। बताया गया कि राजू राजकोट में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और घटना से करीब चार दिन पहले ही घर आया था। परिजनों के मुताबिक, राजू और उसके पिता नाथन से जुड़े 15 हजार रूपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को उसकी मौत से जोड़ते हुए परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।
हाईवे पर शव रखकर लगाया जाम
आक्रोशित परिजनों ने शव को अजरौली के पास राम वन गमन मार्ग हाईवे पर रख दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। हाईवे पर जाम लगने से वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पश्चिम शरीरा थानाध्यक्ष बैकुंठ नाथ पांडेय, मेहता घाट थाना अध्यक्ष कुमार शंकर सिंह और सीओ कौशांबी अरुण कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
कार्रवाई के आश्वासन पर माने परिजन
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।