मंझनपुर। कोखराज कोतवाली के टेढ़ीमोड़ अंदावां गांव निवासी प्राॅपर्टी डीलर ने शहजादपुर चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों पर अभद्रता करते हुए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मंगलवार को मामले की शिकायत सीएम समेत अन्य अफसरों से पत्र भेजकर की है।
टेढ़ीमोड़ अंदावां निवासी नरेश प्रसाद सोनकर प्राॅपर्टी डीलर हैं। बताया कि प्रयागराज-कानपुर नेशनल हाईवे किनारे गांव में उनका एक मकान था, जिसका कुछ हिस्सा सड़क चौड़ीकरण में तोड़ दिया गया। 24 मई को वह मलबा हटवाकर जेसीबी मशीन से सफाई करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव पल्टीपुर अंदावां के सगे भाई आए और मलबा हटवाने का विरोध करने लगे।
आरोपी शहजादपुर चौकी से दो पुलिसकर्मियों को बुलाकर ले आए। आरोप है कि सिपाही प्राॅपर्टी डीलर को अपने साथ चौकी ले गए। वहां चौकी प्रभारी व सिपाहियों ने विपक्षियों के सामने ही अभद्रता की। मकान का कागज देखने के बजाये उसे फेंक दिया। बाद में लेखपाल को चौकी बुलाया गया। लेखपाल ने इस बात की तस्दीक की कि विपक्षी बेवजह दखल दे रहे हैं।
आरोप है कि इसके बाद चौकी प्रभारी करोड़ों की जमीन बताते हुए रिश्वत मांगने लगे। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि सीओ सिराथू से आरोपों की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।