मंझनपुर। वित्तविहीन स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के मानदेय लागू करने की मांग को लेकर अध्यापक आर-पार की जंग के मूड में है। दुर्गा देवी इंटर कालेज ओसा में आयोजित बैठक में शिक्षकों ने 9 दिसंबर को विधानसभा के सामने लखनऊ में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। प्रदेश संरक्षक रमेशचंद्र केसरवानी ने बड़ी संख्या में पहुंचकर धरने को सफल बनाने का आह्वान शिक्षकों से किया है।
दुर्गा देवी इंटर कालेज ओसा में सोमवार को वित्तविहीन माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक हुई। इसमें अखिलेश सरकार की वायदा खिलाफी पर आक्रोशित शिक्षकों ने गुस्सा जताया। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्र ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2012 के दौरान सपा सरकार के चुनावी एजेंडे में वित्तविहीन स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को 7300 रूपये महीने मानदेय लागू करने की घोषणा की गई थी। अखिलेश सरकार ने चुनावी घोषणा को हासिए पर डाल दिया है। 3 साल का कार्यकाल बीतने के बाद मानदेय लागू नहीं जा सका है। वित्तविहीन शिक्षकों के साथ सरकार ने धोखा किया है। विधानसभा चुनाव 2017 में सपा को इसका खामियाजा भुगतना होगा। प्रदेश संरक्षक रमेशचंद्र केसरवानी ने कहा कि वित्तविहीन स्कूलों के शिक्षक सरकार की वायदा खिलाफी के खिलाफ आंदोलन करेंगे। इन्होंने बताया कि 9 दिसंबर को विधानसभा के सामने प्रदेशभर के अध्यापक एक दिवसीय धरना देंगे। इस दौरान अध्यापकों ने धरने को सफल बनाने की रूपरेखा पर चर्चा की। प्रदेश संरक्षक ने बड़ी संख्या शिक्षक शिक्षिकाओं से लखनऊ पहुंचकर कार्यक्रम को कामयाब बनाने का आह्वान किया है। इस मौके पर साधूराम पाठक, जितेन्द्र कुमार मिश्रा, संतोष कुमार, अनिल कुमार, मान सिंह, राम सिंह यादव, अनूप दिवाकर, श्याम सिंह, देवकुंवर, भूपेन्द्र मिश्र आदि मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 8 दिसंबर को इलाहाबाद जंक्सन से इंटरसिटी एक्सईप्रेस से लखनऊ के लिए शिक्षक रवाना होंगे।