उदयन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक हुई। इस दाैरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं की जांच में लापरवाही पर कड़ा, सरसवां और सिराथू के सीडीपीओ का वेतन रोकने का आदेश दिए।
डीएम ने ब्लॉक कड़ा के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी सीडीपीओ से कहा कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र प्रतिदिन खुले तथा बच्चों की इमेज कैप्चरिंग और पोषण ट्रैकर पर अपलोड का कार्य नियमित रूप से हो। डीएम ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे सभी निर्माण कार्य इस माह के भीतर पूरे कर करें।
छह असामाजिक तत्व को किया जिला बदर
जिला मजिस्ट्रेट डॉ. अमित पाल ने जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कुल छह असामाजिक तत्वों को जिला बदर करने का आदेश जारी किया है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने और शांति-व्यवस्था भंग होने की आशंका के आधार पर इन सभी के विरुद्ध यह कड़ी कार्रवाई की गई है।
जिला बदर किए गए व्यक्तियों में करारी थाना क्षेत्र के सालेपुर गांव निवासी साहिल को तीन माह, पारा हसनपुर निवासी तौसीफ उर्फ शाहिद को दो माह, बरई बंधवा निवासी डीके. सरोज को छह माह के लिए जिला बदर किया गया है।
इसके अलावा मोहम्मदपुर पइंसा थाना क्षेत्र के जवई पड़री निवासी निशांत मौर्या को तीन माह, अफजलपुरवारी निवासी सूरजदीन सरोज को दो माह, और रमसहाईपुर निवासी अखिलेश पांडेय को तीन माह के लिए जिला बदर करने का आदेश दिया है।
हाईवे कट खोलने के लिए किया स्थलीय निरीक्षण
अजुहा में हाईवे पर कट खोले जाने की मांग के बाद जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रबुद्ध सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति स्थल से संबंधित सभी तकनीकी एवं सुरक्षा पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रबुद्ध सिंह, उप जिलाधिकारी सिराथू योगेश कुमार गौड़, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हरिवंश सिंह तथा नगर पंचायत अझुवा की अध्यक्ष शांति देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।