गांवों में बनाए जाएंगे ओपेन एयर जिम
जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को दिया निर्देश, विकास कार्यों की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित उदयन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने डीपीआरओ को गांवों में खेल का मैदान विकसित कराने के साथ ही ओपेन एयर जिम बनवाने का निर्देश दिया। अन्य विभागध्यक्षों को भी जरूरी निर्देश दिए। चेताया कि मनमानी करने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी कार्यदाई संस्थाओं द्वारा कराए गए कार्यों का सत्यापन टीम बनाकर कराने का निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिया। राज्य वित्त एवं चौदहवें वित्त आयोग से विद्यालयों में कराए जा रहे कामों में तेजी लाने की नसीहत डीपीआरओ को दी। यह भी कहा कि गांवों में खेलकूद का मैदान विकसित करने के साथ ही ओपेन जिम बनवाया जाए। ताकि लोगों की सेहत में सुधार हो सके। सभी सचिवों को ग्राम पंचायत भवन पर रोस्टर के हिसाब से बैठने की सलाह दी। चेताया कि ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई का सामना करना पड़ेेगा। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को स्वच्छ भारत मिशन के तहत ओडीएफ गांव में ओडीएफ प्लस गतिविधियां चलाने का निर्देश दिया। इसके तहत संबंधित गांवों में सोकपिट, कंपोस्टपिट, रिचार्ज पिट आदि बनाए जाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्ष करते हुए डीएम ने बच्चों को वितरित किए गए जूता, मोेजा, बैग, स्वेटर, पुस्तक का शत-प्रतिशत सत्यापन कराकर रिपोर्ट देने का निर्देश बीएसए को दिया। उन्होंने सेतु निगम के कामों की समीक्षा करते हुए सयारा में पुल का निर्माण तेजी से कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कन्या सुमंगला योजना, विद्युत विभाग, सौभाग्य योजना, गोवंश संरक्षण केंद्रों, वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन, प्रधानमंत्री शहरी आवास, ग्रामीण आवास योजना आदि की भी समीक्षा की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी इंद्रसेन सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, डीएफओ, परियोजना निदेशक आदि मौजूद रहे।