मंझनपुर। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को देखते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगवाने पर जोर दिया जा रहा है। लेकिन वैक्सीन की पर्याप्त डोज नहीं उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने 20 हजार डोज वैक्सीन की डिमांड भेज रखी है। बुधवार तक वैक्सीन की खेप नहीं आई तो टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित होना तय है।
पहले तो जिले के लोग कोरोना वैक्सीन लगवाने को तैयार नहीं हो रहे थे। इधर बीच जब विशेषज्ञों ने संक्रमण की तीसरी लहर आने की संभावना जताई तो लोग खुद की हिफाजत के लिए जागरूकता दिखाने लगे। अब हालत यह है कि स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन ही नहीं मिल रही है। रविवार की रात मुश्किल से कोवीशील्ड की 5300 और कोवैक्सीन की 2000 डोज ही प्राप्त हुई तो सोमवार और मंगलवार का किसी तरह से काम चल गया। अब जिला स्तरीय वैक्सीन स्टोर में टीके की सिर्फ 2000 डोज ही बची है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हिंदप्रकाश मणि ने बताया कि 20 हजार डोज की डिमांड भेजी गई है। इसमें से 25 प्रतिशत वैक्सीन बुधवार की सुबह तक प्राप्त होने की संभावना है। जानकारों का कहना है कि वैक्सीन की नई खेप नहीं आई तो टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित होना तय है। क्योंकि, रोजाना चार से पांच हजार डोज वैक्सीन लगाई जा रही है। हालांकि, खपत इससे भी ज्यादा है।
60 केंद्रों पर 4661 लोगों ने लगवाया कोरोना का टीका
मंझनपुर। कोरोना से बचाव के लिए मंगलवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी समेत जिले के 60 स्थानों पर टीकाकरण शिविर लगाया गया। सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि इन शिविरों में 4661 लोगों को वैक्सीन की खुराक दी गई। इसमें 4085 लोगों ने टीके की पहली डोज तथा 576 ने दूसरी डोज लगवाई। संवाद
2010 संदिग्धों की हुई कोविड जांच, कोई संक्रमित नहीं
मंझनपुर। रोजाना की तरह मंगलवार को भी जिले में शिविर लगाकर 2010 संदिग्धों की कोविड जांच कराई गई। हालांकि, इनमें से कोई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिला। अलबत्ता इस दौरान संक्रमण की जद में रहा एक मरीज ठीक हो गया। अब जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर चार हो गई है। इनमें से तीन मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं, गंभीर रूप से पीड़ित एक मरीज को कोविड अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। संवाद