One person dies from Corona, five positive
- फोटो : KAUSHAMBI
दोआबा में बुधवार को संक्रमण की रफ्तार में कमी आई, लेकिन एक व्यक्ति की मौत हो गई। जांच में पांच नए पॉजिटिव केस मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने में जुट गई हैं।
वहीं चार मरीज ठीक भी हुए हैं। भरवारी निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति को तबीयत खराब होने पर परिजन प्रयागराज के निजी अस्पताल ले गए थे। जहां से बाद में एसआरएन ले गए। जांच में कोरोना की पुष्टि हुई थी। बुधवार को अधेड़ की मौत हो गई।
सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि रोजाना की तरह बुधवार को भी जिले भर में शिविर लगाकर 1539 संदिग्धों की कोविड जांच की गई।
इनमें से 994 का एंटीजेन टेस्ट हुआ। जबकि 545 संदिग्धों का स्वॉब सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए लैब भेज दिया गया। विभिन्न माध्यमों से आई जांच रिपोर्ट में पांच लोग पॉजिटिव निकले हैं।
संक्रमितों में सिराथू, कड़ा, नेवादा, मूरतगंज और कौशाम्बी के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या 2016 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 1927 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। फिलहाल केवल 64 मरीजों का ही इलाज चल रहा है।