one man died by corona and 30 met injured
- फोटो : KAUSHAMBI
कोरोना वायरस का संक्रमण जानलेवा होता जा रहा है। संक्रमण की जद में आए चायल क्षेत्र के एक और अधेड़ की कोविड अस्पताल में मौत हो गई। इसी के साथ ही संक्रमण से मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। दूसरी तरफ सोमवार को जिले के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले 30 अन्य लोग पॉजिटिव निकले हैं। इनमें नेवादा क्षेत्र में रहने वाले सगे भाइयों समेत एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग सभी संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिंहित करने में जुट गया है। सीएमओ डॉ. पीएन चतुर्वेदी ने बताया कि संक्रमण की रोकथाम के लिए जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। सोमवार को जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही कंटेनमेंट जोन में शिविर लगाकर 1439 संदिग्धों की जांच कराई गई।
इनमें से 1070 की एंटीजेन किट से व तीन की जांच ट्रूनेट से कराई कराई गई। जबकि, 366 संदिग्धों का स्वॉब सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए केजीएमसी लखनऊ भेज दिया गया। व िभिन्न माध्यमों से हुई जांच में 30 लोग संक्रमित निकले हैं। इनमें सर्वाधिक नेवादा क्षेत्र के 16, सिराथू के छह, मूरतगंज व कड़ा के दो-दो, कनैली, सरसवां, मंझनपुर व चायल क्षेत्र के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। जबकि 12 मरीज ठीक भी हुए हैं। इसके अलावा एसआरएन के एल-3 अस्पताल में भर्ती चायल क्षेत्र के एक 48 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। इसी के साथ ही संक्रमण की जद में आकर मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। इस तरह से अब तक मिले 1114 संक्रमितों में 851 स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल 248 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। जिले का रिकवरी रेट अब भी 76.39 के आसपास चल रहा है।