कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के हिसामबाद गांव में रहने वाले दो युवकों ने मंगलवार शाम घरेलू कलह से तंग आकर जहर खा लिया। अस्पताल ले जाते वक्त इनमें से एक की मौत हो गई। दूसरे की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
हिसामबाद निवासी संतोष पांडेय (22) पुत्र अजय किसानी में पिता का हाथ बंटाता था। बताया जाता है कि मंगलवार शाम किसी बात को लेकर परिजनों से उसका झगड़ा हुआ था। इसी के बाद तैश में आकर संतोष ने जहर निगल लिया। तबीयत बिगडने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। आननफानन परिजनों ने संतोष को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। एसआरएन अस्पताल प्रयागराज ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। एसआरएन चौकी पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। इसी गांव के ओम पुत्र श्याम मिश्रा ने भी घरेलू कलह से तंग आकर जहर खा लिया था। उसे पास के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवारीजनों के मुताबिक स्थिति खतरे से खाली नहीं है।