सऊदी भेजने के नाम पर युवक से ऐंठे डेढ़ लाख रुपये
-साल भर बाद रकम वापस मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। कोतवाली के बिरनेर गांव के एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर जालसाज ने डेढ़ लाख रुपये का चूना लगा दिया। पासपोर्ट व वीजा नहीं मिलने पर पीड़ित के पिता ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। रविवार की देर शाम पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बिरनेर निवासी रामलोचन ने बताया कि साल भर पहले चरवा के बरलहा निवासी राकेश कुमार ने उसके बेटे को सऊदी अरब भेजने का झांसा दिया। इसके बाद पासपोर्ट व बीजा बनवाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिया। कहा कि छह महीने के अंदर उसका बेटा विदेश चला जाएगा। साल भर बीतने के बावजूद वीजा नहीं मिलने पर रामलोचन ने उसके घर पहुंचकर रकम वापस मांगी। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित थाने पहुंचा और मामले की नामजद तहरीर दी। रविवार की शाम पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी राकेश के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कुबैत भेजने के नाम 70 हजार ठगी
करारी। सरायअकिल कोतवाली के खोपा गांव के सोनू ने बताया कि अमीनपुर संवरों गांव के एक युवक ने उसे कुवैत में नौकरी देने के लिए एक लाख बीस हजार रुपये की मांग की। सोनू उसके झांसे में आकर 4 अप्रैल को 41 हजार नकद व 19 अप्रैल को पेटीएम से 29 हजार रुपये दे दिया। बाकी रुपये टिकट वीजा मिलने पर देने की बात हुई। सोनू का कहना है कि अब उसे न तो कुवैत भेजा जा रहा और न ही रुपये वापस दिए जा रहे हैं। इतना ही नहीं रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद