मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर कोतवाली के निजामपुर हड़िया गांव में रास्ते पर कब्जा करके दीवार खड़ी करने को लेकर तनातनी बनी हुई है। गांव के शिवलोचन ने बताया कि गांव के बाहर उसकी बाग है। बाग में जाने के लिए ग्रामसभा की ओर से खड़ंजा मार्ग बनाया गया है। इसी रास्ते के बगल उसने बाग की रखवाली के लिए एक कमरा बना रखा है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने रास्ते पर कब्जा कर लिया है। बृहस्पतिवार की सुबह वह रास्ते पर ही नींव की खुदाई करके मकान निर्माण शुरू करा दिया। इसकी जानकारी होने पर जब वह विरोध करने पहुंचा, तो पड़ोसी और उसके साथ रहे लोग उससे भिड़ गए। लाठी-डंडे लेकर मारने के लिए दौड़ा लिया।
चीखते-चिल्लाते बस्ती की ओर भागने पर हमलावरों ने उसे और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। भुक्तभोगी ने घटना की जानकारी मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि प्रकरण की छानबीन की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, रास्ते पर कब्जे और दीवार निर्माण को लेकर गांव में तनातनी बनी है।