परिजनों के डांटने पर छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान
करारी कोतवाली क्षेत्र के अमानपुर गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
करारी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अमानपुर गांव में रविवार रात एक छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने के पीछे परिजनों की फटकार की बात सामने आ रही है।
अमानपुर गांव की राधिका (18) पुत्री चंद्रमोहन इंटरमीडिएट की छात्रा थी। बताया जाता है कि रविवार रात किसी बात पर नाराज होकर माता-पिता ने उसको फटकार दिया था। इसी के बाद राधिका अपने कमरे में चली गई। वहां दुपट्टे से फांसी के फंदे पर लटक गई। सुबह राधिका काफी देर तक नहीं उठी तो परिजन परेशान हो गए। मां ने खिड़की से राधिका को फंदे पर लटकता देख चीख पड़ी। परिवार वालों ने शव नीचे उतारा। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। मामले में करारी कोतवाल केपी सिंह का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिली तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।