भाई दूज को लेकर मंझनपुर कस्बे में रही चहल-पहल। संवाद
- फोटो : katra news
भाई-बहन के प्रेम का एक और पर्व भैया दूज बृहस्पतिवार को परंपरागत तरीके से मनाया गया। सुबह से ही बहनें भाइयों को टीका लगाने के लिए जाते दिखीं। सारा दिन मिठाई से लेकर उपहार की दुकानों में भीड़ दिखाई दी। संभावना जताई जा रही है कि करीब 25 लाख रुपये की मिठाई की खरीदारी हुई है।
करारी, भरवारी, मंझनपुर, सिराथू, सरायअकिल, अजुहा, चरवा, चायल आदि कस्बाें के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में मिठाई की दुकानों में भारी भीड़ रही। 250 रुपये किलो से लेकर 900 रुपये किलो तक की मिठाई बिक गई।
कपड़े व बर्तन की दुकानों में भी रही भीड़
भैया दूज के मौके पर भाइयों ने भी उपहार देने के लिए कपड़े और बर्तन खरीदे। करारी के बर्तन ब्यापारी गोल बाबू ने बताया कि भैया दूज पर बाल्टी, टब, कूकर और भगोना की ज्यादा बिक्री हुई। धनतेरस में बचा हुआ काफी बर्तन भैया दूज में बिक गया। इसी तरह कस्बे के कपड़ा व्यापारी गुलाब ने बताया कि भैया दूज पर साड़ी और सूट की ज्यादा बिक्री हुई है।
ज्वेलरी की दुकानों में दिखा सन्नाटा
भैया दूज पर आभूषण की दुकानों में सन्नाटा दिखाई दिया। आभूषण व्यापारी नित्यानंद सोनी ने बताया कि भैया दूज पर उन्हें उम्मीद थी कि बिक्री संतोषजनक रहेगी लेकिन बिक्री न के बराबर हुई है।