सैनी कोतवाली के कनवार रेलव स्टेशन के पास ट्रैक पार कर रही वृद्ध महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
अखाड़ा पर निवासी रामेश्वर का गांव में दो घर हैं। घर वालों के मुताबिक रामेश्वर की पत्नी रमपतिया (62) शनिवार रात तकरीबन दस बजे कनवार के पास अंडरपास के ऊपर से रेलवे लाइन पार कर दूसरे घर जा रही थीं।
इस दौरान वह कानपुर की तरफ से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। सूचना के बाद पहुंची जीआरपी ने मौका मुआयना के बाद वृद्धा का शव कब्जे में लिया।
हादसे में घायल युवक का अस्पताल में दम टूटा, मुकदमा दर्ज
नगर कोतवाली के पाल चौराहे के अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक की अस्पताल में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मलाक पींजरी निवासी संदीप कुमार शुक्रवार को किसी काम से मंझनपुर आया था। शाम को घर वापस जाते समय पाल चौराहे के समीप पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। जहां शनिवार शाम युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से पीड़ित परिजनों की रो-रोकर हालत खराब है। मामले में देर रात पुलिस ने मृतक के चाचा विनय की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
हादसों में बाइक सवार दो युवक घायल
अलग-अलग कोतवाली क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। पश्चिमशरीरा कोतवाली के नट बाबा का पुरवा निवासी बाइक सवार सुमेर कुमार को अंधवां मोड़ के पास शनिवार को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर शाम पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इसी तरह चरवा कोतवाली के सिरियावां निवासी अकरम को बनियन तारा तालाब के सामने बाइक सवार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि, बसुहार निवासी दूसरा बाइक सवार वीरेंद्र बाल-बाल बच गया।