कस्बे में शनिवार की सुबह डीएफसी लाइन (मालगाड़ी ट्रैक पर) ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्धा की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के परिजनों ने मानसिक रूप से विक्षिप्त होने के कारण ट्रेन से कटकर मौत होने की बात कही है। सैनी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर धमावां का मजरा भैंसहापर गांव के अनंदी दीन की 65 वर्ष की पत्नी शोभा देवी का शनिवार के सुबह सात बजे सिराथू कस्बे में डीएफसी लाइन में क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों ने बताया महिला ट्रेन के सामने कूदकर जान दी है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद मृतका के बेटे सुरेश कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसकी मां की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी। दो साल से इलाज चल रहा है। शनिवार की सुबह छह बजे बिना बताए घर से निकली थीं। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया बेटे की तहरीर पर बुजुर्ग महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।