संदिग्ध दशा में आग से जलकर वृद्धा की मौत
चरवा कोतवाली क्षेत्र के बल्ल्हा गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
चरवा। इलाके के बल्लहा गांव में शुक्रवार सुबह संदिग्ध दशा में आग से जलकर एक वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस जांच और तहरीर के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दी है।
बल्लहा गांव की राजपति (65) पत्नी सुग्गा यादव घर पर पति के साथ रहती थी। उसके दोनों बेटे अपने बीवी-बच्चों के साथ दिल्ली में रहते हैं। शुक्रवार सुबह घर के भीतर ही संदिग्ध दशा में राजपति आग का गोला बन गई। चीखें सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि इससे पहले ही राजपति की सांसें थम चुकी थीं। बताया जाता है कि जानकारी पर बेटे दिल्ली से गांव के लिए चल चुके हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में चरवा कोतवाल संतशरण दास का कहना है कि महिला कमरे में लगा मधुमक्खी का छत्ता मिट्टी का तेल डालकर जला रही थी। इसी दौरान केरोसिन गिरने से उसके कपड़ों में भी आग लग गई। उस वक्त घर पर कोई नहीं था। जबतक ग्रामीण पहुंचे तब तक मौत हो चुकी थी। कोतवाल का यह भी कहना है कि जांच चल रही है। किसी ने कोई तहरीर दी तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।