मंझनपुर। शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद एवं गंगा दशहरा त्योहार सकुशल संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसे लेकर शनिवार को कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में डीएम मधुसूदन हुल्गी, एसपी राजेश कुमार ने संबंधित अफसरोंं एवं संभ्रांत नागरिकोंं संग बैठक की। उन्होंने चिह्नित एवं बंद स्थानों पर ही कुर्बानी देने के लिए निर्देश दिया। वीडियो रिकाॅर्डिंग करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक में सबसे पहले सभी एसडीएम, सीओ और थानेदारों से ईद-उल-जुहा(बकरीद) एवं गंगा दशहरा त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अब तक की गई पाबंद की कार्रवाई एवं पीस कमेटी की बैठकों के बारे में जानकारी ली गई। इसके बाद संभ्रांत नागरिकों से उनकी समस्याएं एवं सुझाव लिए गए। साथ ही आपसी सौहार्द एवं भाईचारा के साथ त्योहार मनाने की सलाह दी गई। डीएम ने थाना प्रभारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र की सभी मस्जिदों एवं ईदगाहों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के लिए कहा। ताकि, कोई अप्रिय घटना नहीं होने पाए। चेताया कि किसी भी सूरत में खुले स्थान पर कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। चिह्नित एवं बंद स्थान पर ही कुर्बानी दें। साथ ही कुर्बानी देते समय किसी भी प्रकार की वीडियो रिकाॅर्डिंग नहीं किया जाना चाहिए। गलती से भी किसी ने वीडियो रिकाॅर्डिंग बनाई अथवा प्रतिबंधित मवेशी की कुर्बानी दी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मस्जिदों के आसपास एवं कुर्बानी वाले स्थलों पर चूने का छिड़काव कराने के साथ ही पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। चेताया कि किसी ने त्योहार पर शांति भंग करते हुए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया तो कड़ी कार्रवाई होना तय है। एक्सईएन विद्युत को ट्रांसफाॅर्मर फुंकने और फाॅल्ट होने की शिकायत मिलने पर फौरन व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
नगरीय क्षेत्रों में ईओ और ग्रामीण इलाकों में डीपीआरओ को साफ सफाई के साथ ही पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। गंगा दशहरा पर गंगा घाटों विशेषकर कड़ा धाम एवं संदीपन घाट में साफ सफाई कराने के साथ ही आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। प्रयागराज एवं लखनऊ को जोड़ने वाले लेहदरी गंगा पुल के पास संकेतक बोर्ड लगवाने के निर्देश एनएचआई को दिए। दुर्गा मंदिर के पास एकत्र कूड़े के ढेर को तत्काल हटवाने के निर्देश ईओ मंझनपुर को दिए।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व शालिनी प्रभाकर, एडीएम न्यायिक प्रबुद्ध सिंह, सीएमओ डॉ. संजय कुमार, एएसपी राजेश सभी एसडीएम,सीओ एवं थानेदार के साथ ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र चौधरी, इमरान हैदर, विपिन केसरवानी सहित अन्य संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए पुलिस से मदद लें
सिराथू/पश्चिमशरीरा/कड़ा। बकरीद पर्व को लेकर शनिवार को अलग-अलग थानों में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें थानाध्यक्षों ने संभ्रांत लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए पुलिस की मदद करने की अपेक्षा की।
पश्चिमशरीरा थानाध्यक्ष त्रिलोकनाथ पांडेय व नगर पंचायत के ईओ ने बैठक में मौजूद लोगों से भाईचारा के साथ पर्व मनाए जाने के लिए कहा। इंस्पेक्टर ने बताया कि अक्सर अराजकतत्व माहौल बिगाड़ने के लिए चोरी-छिपे धार्मिक स्थलों व घरों के बाहर मवेशियों के अवशेष रख देते हैं। ऐसे लोगों पर नजर रखें और पुलिस को सूचना दें, जिससे उन पर कार्रवाई की जा सके। खुले में कुर्बानी न करें और अवशेषों को गड्ढे में दफन करें।
इसी तरह सैनी कोतवाली में एसडीएम सिराथू योगेश गौड़, सीओ अवधेश विश्वकर्मा ने थानाध्यक्ष बृजेश करवरिया के साथ संभ्रांत लोगों से सौहार्द पूर्ण त्योहार मनाए जाने की अपील की। वहीं, कड़ाधाम में भी थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने लोगों से भाईचारा व खुशी से पर्व मनाए जाने के लिए कहा।